8जून2026
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार शाम आए तेज़ तूफान और माइक्रोबर्स्ट ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। शाम करीब 4:40 बजे चली तेज़ हवाओं के कारण ग्राउंड सपोर्ट में इस्तेमाल होने वाली सीढ़ियां और ट्रेस्टल अपनी जगह से खिसक गए और टर्मिनल-2 के पास खड़े एयर इंडिया के तीन नैरोबॉडी विमानों से जा टकराए।
हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि उस समय संबंधित पार्किंग बे खाली थीं। एहतियात के तौर पर प्रभावित विमानों को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया, जबकि उड़ान संचालन को प्रभावित होने से बचाने के लिए वैकल्पिक विमानों की व्यवस्था की गई।
घटना के वायरल वीडियो में इंडिगो के कर्मचारियों को तेज़ हवाओं के बीच एक अनियंत्रित सीढ़ी को विमान तक पहुंचने से रोकते हुए देखा गया। कर्मचारियों की त्वरित सूझबूझ और साहसिक कार्रवाई की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।
एयरपोर्ट पर आए इस अचानक मौसमीय बदलाव ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान विमानन सुरक्षा और ग्राउंड ऑपरेशन की चुनौतियों को उजागर कर दिया। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।