जगदलपुर, 9 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत चपका में मारकंडी नदी घाट और प्राकृतिक जल कुंड पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर सफाई की। केदार कश्यप ने स्वयं झाड़ू और सफाई उपकरण थामकर नदी घाट व जल कुंड की सफाई में श्रमदान किया और प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया।
ऐतिहासिक मंदिर परिसर के समीप आयोजित इस अभियान में जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, जनपद पंचायत बस्तर के अध्यक्ष संतोष बघेल और जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। सभी ने मिलकर मारकंडी नदी के तट, प्राकृतिक जल कुंड और मंदिर परिसर के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट की सफाई की।
कार्यक्रम में धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभाने पर जोर दिया गया। स्वच्छता अभियान में विकास विस्तार अधिकारी चंद्रशेखर जैन, ग्राम पंचायत चपका की सरपंच पीलीबाई कश्यप, पंचायत सचिव, स्वच्छ भारत मिशन की टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अपने क्षेत्र के प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया।