दीपावली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की सख्ती, 26 नमूने जांच के लिए भेजे

भुवन होटल का खाद्य पंजीयन निरस्त, अस्वच्छता मिलने पर बंद कराया गया संचालन; दो प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 04 नवंबर 2026। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 26 नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजे गए हैं।

जांच के दौरान पेंड्रा के स्वीट इंडियन रेस्टोरेंट से बर्फी और सेव, गौरेला के ओम साई डेयरी से पनीर और खोवा तथा कान्हा स्वीट्स से मिल्क केक और खोवा के नमूने लिए गए। वहीं, मरवाही के भुवन होटल से बूंदी और बर्फी सहित अन्य प्रतिष्ठानों से पेड़ा, बेसन लड्डू, गजक और रजवाड़ी चिक्की के नमूने भी संकलित किए गए।

अस्वच्छता मिलने पर भुवन होटल पर कार्रवाई

अभियान के दौरान 2 नवंबर को मरवाही स्थित भुवन होटल के परिसर में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छता पाए जाने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने उसका खाद्य पंजीयन निरस्त कर दिया। आवश्यक सुधार होने तक होटल का संचालन बंद करा दिया गया। परिसर में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई जलेबी को भी नष्ट कराया गया।

इसके अलावा जिले के दो अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छता और आवश्यक सुधार के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा त्योहारी सीजन को देखते हुए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *