कपड़ा दुकान की छत पर मिला 21 वर्षीय युवती का शव, सुसाइड नोट की जांच में जुटी पुलिस

बाफना लाइफ स्टाइल दुकान में काम करती थी युवती, मौत के कारणों का पता लगाने सभी पहलुओं पर जांच जारी

जगदलपुर, 04 नवम्बर 2026। शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित बाफना लाइफ स्टाइल कपड़ा दुकान की छत पर 21 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतिका की पहचान दीपा सागर (21 वर्ष), पिता राजू सागर, निवासी बैलाबाजार, जगदलपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दीपा 1 नवंबर 2026 को रोजाना की तरह दुकान में काम करने पहुंची थी। शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच वह अचानक दुकान से कहीं चली गई। अगले दिन 2 नवंबर को दुकान में साफ-सफाई करने वाली महिला कर्मचारी झाड़ू और पोछा लेने छत पर पहुंची, जहां उसे युवती का शव मृत अवस्था में मिला।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की उपस्थिति में घटनास्थल और शव का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। महिला पुलिसकर्मियों एवं परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल भेजा गया।

पुलिस को मृतिका के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए उसकी लिखावट, विषयवस्तु और अन्य संबंधित तथ्यों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस मर्ग क्रमांक 70/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *