कलेक्टर आकाश छिकारा ने शिक्षा कार्यों की समीक्षा की, परीक्षा परिणाम सुधार और समावेशी शिक्षा पर जोर

जगदलपुर, 24 फरवरी 2026। कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों के बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने और समावेशी शिक्षा को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया तथा विद्यालय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए आगामी सत्र में साप्ताहिक और मासिक परीक्षण आयोजित करने, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास कराने और परिणाम आधारित रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र निर्माण कार्य को गति देने के लिए कक्षा-वार लक्ष्य तय करने, विद्यार्थियों के आवेदन भरवाने तथा दस्तावेजों की कमी को पंचायत और राजस्व विभाग के सहयोग से दूर करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा के दौरान अटल टिंकरिंग लैब की गतिविधियों, बाल बाड़ी व्यवस्थाओं, विकासखंड स्तर पर संचालित केजीबीवी और पीएम श्री विद्यालयों की प्रगति सहित आगामी शिक्षा सत्र की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने तथा बाल बाड़ी में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पोषण सुविधाएं सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने आगामी सत्र के लिए पुस्तक दान, बोलेगा बचपन, उत्कृष्ट विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण, न्योता भोज, पालक-बालक सम्मेलन, अभिभावक-विद्यार्थी संवाद, पढ़ाई कॉर्नर की व्यवस्था तथा नवोदय विद्यालय प्रवेश की तैयारी सहित विभिन्न गतिविधियों का स्पष्ट रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और सीखने के स्तर में सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, डीएमसी अशोक पांडेय, एपीसी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *