जशपुरनगर में 11.83 करोड़ रुपये से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, एक साथ खड़ी हो सकेंगी 40 बसें

रायपुर, 14 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुरनगर में यात्रियों को आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। करीब तीन एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस बस टर्मिनल के लिए स्वीकृति मिल चुकी है और फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है।

एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था

जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में प्रस्तावित बस स्टैंड में एक साथ 35 से 40 बसों के खड़े होने की व्यवस्था होगी। वर्तमान में जशपुर बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है और पांच हजार से ज्यादा यात्री यहां से सफर करते हैं। ऐसे में नए बस टर्मिनल से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने और बसों के संचालन को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

वेटिंग हॉल से लेकर डिजिटल स्क्रीन तक की सुविधा

प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड में आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और बसों के आगमन व प्रस्थान की जानकारी देने वाली डिजिटल सूचना स्क्रीन की व्यवस्था होगी। इसके अलावा परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को जरूरी सामान और सेवाएं उपलब्ध होने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

कई राज्यों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

जशपुरनगर से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं। नए बस स्टैंड से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है। बसों के व्यवस्थित ठहराव से शहर की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड

जशपुरनगर के साथ कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण को स्वीकृति दी गई है। वहीं, बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए इन परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनके पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ जिले की परिवहन अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *