चाकू लहराकर घर में दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, माता-पिता को देता था जान से मारने की धमकी

24अप्रैल2026

बस्तर जिले के जगदलपुर में घरेलू विवाद और गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक को अपने ही माता-पिता को धमकाने और चाकू दिखाकर डराने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है और आए दिन नशे की हालत में घर पहुंचकर अपने परिवार के साथ गाली-गलौच और मारपीट करता था।
घटना 21 अप्रैल की रात की है, जब युवक नशे में घर पहुंचा और मां द्वारा समझाने पर वह भड़क गया। गुस्से में उसने अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे धारदार चाकू को लहराकर परिजनों को डराने लगा। इस घटना के बाद परेशान मां ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि घरेलू हिंसा और गुंडागर्दी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *