बस्तर पुलिस की ऐतिहासिक उपलब्धि: बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना, गृह मंत्रालय ने किया सम्मानित

जगदलपुर9जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ और बस्तर पुलिस के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बस्तर जिले के बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया है। यह पहली बार है जब बस्तर संभाग के किसी पुलिस थाने को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।
गृह मंत्रालय हर वर्ष देशभर के पुलिस थानों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता, नागरिक-अनुकूल पुलिसिंग, अधोसंरचना, नवाचार और समग्र कार्य निष्पादन जैसे विभिन्न मानकों पर करता है। इन सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बोधघाट थाना को यह सम्मान मिला।
सम्मान स्वरूप केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक P. Sundarraj और वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक Badrinarayan Meena ने तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौड़ तथा वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक तामेश्वर चौहान को पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग की उपस्थिति में प्रदान किया। इस अवसर पर तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीशिमल और वर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक सुमितकुमार धोत्रे भी मौजूद रहे।
बस्तर पुलिस ने इस उपलब्धि का श्रेय बोधघाट थाना के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण को दिया है। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, प्रभावी कानून-व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग, जनविश्वास मजबूत करने और नवाचार आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। बस्तर पुलिस ने कहा कि यह सम्मान पूरे पुलिस बल को भविष्य में भी नागरिक-केंद्रित और उत्कृष्ट पुलिस सेवा देने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *