24 साल बाद खुला हत्या का राज, हादसा बताकर की थी भाई के दुश्मन की हत्या

अहमदाबाद में राजस्थान का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पहचान छिपाकर रह रहा था

अहमदाबाद, 21 सितंबर 2026। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 24 साल से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 54 वर्षीय दिनेशभाई अमथाभाई अर्जनभाई देसाई के रूप में हुई है। वह राजस्थान के पाली जिले में हुई हत्या के मामले में वांछित था और लंबे समय से अहमदाबाद के वेजलपुर इलाके में पहचान छिपाकर रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2002 में पाली जिले के सादरी थाना क्षेत्र के डुंगली गांव में पुश्तैनी संपत्ति और व्यापार को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में देलाराम नाई की हत्या की साजिश रची गई थी।

आरोप है कि दिनेश देसाई अपने साथियों के साथ टाटा सूमो से मौके पर पहुंचा। डुंगली बेरा तिलावा के पास देलाराम नाई मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन से उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए आरोपी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को घटना के पीछे हत्या और आपराधिक साजिश का संदेह हुआ, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले 24 वर्षों से ठिकाने बदलकर रह रहा था। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को मिले खुफिया इनपुट और तकनीकी जांच के आधार पर वेजलपुर में उसकी मौजूदगी का पता चला। इसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसे राजस्थान पुलिस को सौंपने की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Available next action:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *