वर्दी का रौब पड़ा भारी! कैफे में ग्राहकों और स्टाफ से अभद्रता, CCTV वायरल होते ही PSI निलंबित”

पुणे2जुलाई2026/ महाराष्ट्र के पुणे में एक पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) की कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। रात की गश्त के दौरान एक कैफे में पहुंचे पुलिसकर्मी पर ग्राहकों और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है। पूरी घटना कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, डेक्कन पुलिस स्टेशन में पदस्थ PSI कदम शिरोले रोड स्थित एक कैफे पहुंचे, जहां उन्होंने कथित तौर पर डंडे से सामान गिराया, ग्राहकों को बाहर निकलने के लिए कहा और स्टाफ के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
वीडियो वायरल होते ही अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश बंसोडे ने मामले की प्रारंभिक जांच कर PSI कदम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का व्यवहार विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाता है और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिसकर्मी के व्यवहार की आलोचना की है। वहीं, पुलिस विभाग का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *