रायगढ़2जुलाई 2026छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक कॉलेज की छात्रा ने अपने प्रोफेसर पर अश्लील मैसेज भेजने और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि लंबे समय से परेशान छात्रा ने अपने मंगेतर के साथ प्रोफेसर का सामना किया और सार्वजनिक रूप से थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित छात्रा काजल मिंज का कहना है कि पिछले करीब डेढ़ साल से कॉलेज के प्रोफेसर रेमन भार्गव उसे व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर अश्लील संदेश भेज रहे थे। छात्रा के अनुसार, उसने कई बार प्रोफेसर को समझाया कि वह शादीशुदा हैं और इस तरह की हरकतें बंद करें, लेकिन इसके बावजूद प्रोफेसर लगातार बात करने का दबाव बनाते रहे और आपत्तिजनक संदेश भेजते रहे।
छात्रा ने दावा किया है कि उसके पास सभी चैट और अन्य सबूत सुरक्षित हैं। उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रा ने कहा कि यदि अन्य छात्राएं भी इसी तरह की प्रताड़ना का शिकार हुई हैं, तो वे सामने आकर उसका साथ दें ताकि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सके।
घटना के बाद प्रोफेसर की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे इलाके में इस मामले की चर्चा है।
पुलिस ने बताया कि छात्रा की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और प्रस्तुत किए गए डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।