सतर्क जवानों ने टाली बड़ी जनहानि, बारसूर के जंगल में नक्सलियों की साजिश नाकाम
23मई 2026
दंतेवाड़ा। जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बारसूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिड़पाल के घने जंगलों में सुरक्षाबलों ने 5 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी बरामद कर उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी जनहानि टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 23 मई 2026 को विशिष्ट सूचना के आधार पर 195वीं वाहिनी सीआरपीएफ की यंग प्लाटून पार्टी और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) टीम को ग्राम हिड़पाल के पहाड़ी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान के लिए रवाना किया गया था। अभियान द्वितीय कमान अधिकारी विक्रांत वर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक कमांडेंट संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में सिविल पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से संचालित किया गया।
सर्चिंग के दौरान सुबह करीब 8:20 बजे जवानों को जंगल क्षेत्र में एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरे इलाके को सुरक्षित किया गया और BDDS टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच में वह संदिग्ध वस्तु 5 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी निकला, जिसे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखा था।
बम निरोधक दस्ते ने विशेषज्ञ तकनीकी प्रक्रिया अपनाते हुए आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सर्चिंग अभियान भी चलाया गया। अभियान पूरा होने के बाद सभी अधिकारी और जवान सुरक्षित अपने बेस कैंप लौट आए।
जिला पुलिस दंतेवाड़ा ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विस्फोटक सामग्री या नक्सली गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस अथवा सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।