जगदलपुर, 13 अक्टूबर 2026। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), आड़ावाल में होममेड अगरबत्ती निर्माण का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू किया गया है। 4 अक्टूबर से प्रारंभ इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को अगरबत्ती बनाने से लेकर उसकी पैकेजिंग और बिक्री तक की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को उच्च गुणवत्ता वाली अगरबत्ती तैयार करने, विभिन्न प्रकार की सुगंध तैयार करने के लिए परफ्यूम ब्लेंडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और उत्पाद के विपणन की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को ऐसा कौशल प्रदान करना है, जिससे वे अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें और आय के नए अवसर विकसित कर सकें।
प्रशिक्षण के साथ भोजन और आवास की सुविधा भी निःशुल्क
संस्थान की ओर से प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को भोजन, आवास और आवश्यक शिक्षण सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले युवाओं और महिलाओं को भी प्रशिक्षण का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके साथ ही स्वरोजगार शुरू करने या पहले से संचालित व्यवसाय का विस्तार करने के लिए बैंक ऋण सहायता प्राप्त करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
आरसेटी ने स्थानीय युवाओं और महिलाओं से इस प्रशिक्षण अवसर का लाभ उठाकर हुनर विकसित करने, स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की है।