छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर बाघ की आहट, पदचिह्न मिलने से ग्रामीणों में चिंता; वन विभाग अलर्ट

सारंगढ़, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर बाघ की मौजूदगी के संकेत मिलने से सीमावर्ती गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। शुक्रवार सुबह बरधरा चौक के पास बाघ के पदचिह्न मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। ओडिशा वन विभाग ने जांच के बाद क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक, बरमकेला ब्लॉक के खैरगढ़ी गांव की डीपा खायर दिशा में बाघ के जाने की आशंका जताई जा रही है। आसपास खेत होने के कारण ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। हालांकि, बाघ फिलहाल किस दिशा में गया है और उसकी वास्तविक लोकेशन क्या है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

पदचिह्न मिलने के बाद वन विभाग ने सीमावर्ती इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों को सुबह और शाम खेतों तथा जंगल की ओर जाने से बचने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने यह भी कहा है कि बाघ दिखाई देने या उसके पदचिह्न नजर आने पर उसके करीब न जाएं और तत्काल विभाग को सूचना दें।

फिलहाल वन विभाग की टीम बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *