दिल्ली में निशुल्क UPSC कोचिंग का सपना होगा साकारचयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 27–28 जनवरी को नवा रायपुर में

जगदलपुर, 19 जनवरी 2026/
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी युवा उत्थान योजना (2025–26) के तहत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए नई दिल्ली भेजे जाने वाले चयनित अभ्यर्थियों की प्रक्रिया अब अगले महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर चुकी है।
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा 28 दिसंबर 2025 को आयोजित प्राक्चयन परीक्षा के परिणामों के आधार पर मेरिट सूची में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए आमंत्रित किया गया है। यह प्रक्रिया नवा रायपुर अटल नगर स्थित इंद्रावती भवन के तृतीय तल, मीटिंग हॉल क्रमांक-04 में संपन्न होगी।
विभाग द्वारा वर्गवार तिथियां निर्धारित की गई हैं। इसके तहत अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों का सत्यापन 27 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा, जबकि अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच 28 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगी।
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को प्राक्चयन परीक्षा का प्रवेश पत्र, कक्षा 10वीं एवं स्नातक की अंकसूची, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण-पत्र एवं जाति प्रमाण-पत्र की मूल प्रतियां अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करनी होंगी। इसके साथ ही नोटरी द्वारा अभिप्रमाणित स्वघोषणा पत्र एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित न होने अथवा अपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत करने की स्थिति में अभ्यर्थिता पर विचार नहीं किया जाएगा तथा बाद में किसी भी प्रकार का अभ्यावेदन स्वीकार नहीं होगा।
अभ्यर्थी मेरिट सूची एवं कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in पर देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *