गरीब हितग्राहियों का राशन रोके जाने पर SDM को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर/ जिले में KYC प्रक्रिया के नाम पर गरीब एवं पात्र राशन कार्डधारियों का राशन रोके जाने और कटौती किए जाने के विरोध में युवा कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है। इस संबंध में युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई जरूरतमंद परिवारों द्वारा समय पर KYC प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उन्हें नियमित और पूरा राशन नहीं मिल पा रहा है, जिससे गरीब परिवारों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि सभी पात्र हितग्राहियों को बिना किसी भेदभाव के तत्काल पूरा राशन उपलब्ध कराया जाए, साथ ही KYC प्रक्रिया में आ रही तकनीकी खामियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस दौरान बस्तर जिला युवा कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष अभिषेक डेविड सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
KYC के नाम पर गरीबों का राशन रोके जाने पर युवा कांग्रेस का तीखा विरोध