भिंड। 21जुलाई2026/मध्य प्रदेश के भिंड जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उनके परिजन चादर में उठाकर एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक ले जाते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि अस्पताल में न तो समय पर स्ट्रेचर मिला और न ही कोई वार्डबॉय उपलब्ध था।
जानकारी के अनुसार, रौन थाना क्षेत्र के मढ़ी जेतपुरा गांव निवासी विटोली देवी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया था। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया, लेकिन बाद में मेडिकल वार्ड में शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। परिजनों का आरोप है कि काफी देर इंतजार के बावजूद स्ट्रेचर और वार्डबॉय नहीं मिलने पर उन्हें मजबूरी में महिला को चादर में लिटाकर मेडिकल वार्ड तक पहुंचाना पड़ा।
इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि सिविल सर्जन डॉ. आर.के. मिश्रा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी वार्डों के बाहर स्ट्रेचर उपलब्ध हैं और मामले की जांच कराई जाएगी।