उज्जैन।21जुलाई2026/ श्रावण मास में भगवान महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले कांवड़ यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। महाकाल मंदिर प्रबंधन ने देशभर से जल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष VIP दर्शन व्यवस्था लागू की है। अब प्रत्येक सप्ताह मंगलवार से शुक्रवार तक कांवड़ यात्रियों को हरसिद्धि चौराहा और गेट नंबर-1 से विशेष प्रवेश दिया जाएगा, जिससे वे बिना लंबी कतारों में लगे बाबा महाकाल के शीघ्र दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, हजारों किलोमीटर की पदयात्रा कर उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। कांवड़ यात्री सभा मंडप में स्थापित विशेष जल पात्रों में जल अर्पित कर भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे। हालांकि शनिवार, रविवार और सोमवार को अत्यधिक भीड़ होने के कारण कांवड़ यात्रियों को सामान्य श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर दर्शन करने होंगे।
श्रावण मास के दौरान मंदिर समिति द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए निश्शुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए इंदौर रोड पर अस्थायी अन्नक्षेत्र बनाया जाएगा, जहां चलित भंडारे के माध्यम से महाप्रसादी वितरित की जाएगी। मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन और भोजन दोनों की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।