21जुलाई2026/
इंदौर में एक परिवार की पुश्तैनी धरोहर गलती से कचरे के साथ फेंक दी गई, लेकिन नगर निगम कर्मचारियों की मेहनत और ईमानदारी ने उसे वापस परिवार तक पहुंचा दिया। राजेंद्र नगर निवासी रावेरकर परिवार ने घर का कचरा साफ करते समय अनजाने में एक पुराने झोले के साथ करीब 2 किलो वजनी चांदी का पुश्तैनी कलश भी कचरा वाहन में डाल दिया। शाम को जब परिवार को अपनी गलती का एहसास हुआ तो उनके होश उड़ गए। परिवार ने तत्काल वार्ड पार्षद प्रशांत बड़वे से मदद मांगी, जिसके बाद निगमकर्मियों ने जीटीएस और ट्रेंचिंग ग्राउंड तक पहुंच चुके कचरे में कलश की तलाश शुरू की। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद नेप्रा प्लांट में छंटाई के दौरान कलश मिल गया और उसे सुरक्षित परिवार को सौंप दिया गया। अपनी अनमोल विरासत वापस मिलने पर रावेरकर परिवार ने राहत की सांस ली। वहीं, क्षेत्रवासियों ने निगमकर्मियों की ईमानदारी और समर्पण की सराहना करते हुए उनका सम्मान समारोह आयोजित कर तालियों के साथ अभिनंदन किया।