मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कलेक्टर कॉन्फ्रेंस ली, धान खरीदी से लेकर स्वास्थ्य-शिक्षा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

जगदलपुर, 2 फरवरी 2026।मुख्य सचिव  विकास शील ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से धान खरीदी के समापन की स्थिति, धान उठाव, संग्रहण केंद्रों की व्यवस्था तथा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत डीओ जारी कर धान उठाव एवं चावल जमा की प्रगति की जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने चावल उत्सव के आयोजन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत वन पट्टाधारी अपात्र किसानों के सत्यापन तथा ग्रीष्मकालीन धान के रकबे में वृद्धि हेतु जिलों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की। इसके साथ ही आईटी क्षेत्र में आधार अपडेट एवं बायोमेट्रिक अपडेटेशन, स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत संस्थागत प्रसव, हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान, टीकाकरण कवरेज तथा आभा आईडी सेचुरेशन की स्थिति पर चर्चा की गई।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत शत-प्रतिशत बच्चों के विकास की मॉनिटरिंग, टेक होम राशन, गर्म भोजन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पीएम जनमन तथा मनरेगा के तहत आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित अपार आईडी एनरोलमेंट, सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिल वितरण, प्रधानमंत्री स्कूलों में चल रहे विकास कार्यों तथा केंद्रीय विद्यालयों हेतु भूमि आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। आदिवासी विकास विभाग के तहत प्रधानमंत्री जनमन योजना, छात्रवृत्ति वितरण एवं छात्रावास निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में कमिश्नर  डोमन सिंह, कलेक्टर  आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ  प्रतीक जैन, सहायक कलेक्टर  विपिन दुबे, आयुक्त नगर निगम  प्रवीण वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *