1मई2026
बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जगदलपुर शहर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली दवाओं के कारोबार में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस ने दलपत सागर क्षेत्र के पास छापेमारी कर बैलाबाजार और हीकमीपारा निवासी दो आरोपियों को प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 114 नग ट्रामाडोल कैप्सूल, 9 पत्तों में पैक लगभग 23 ग्राम से अधिक नशीला पदार्थ बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 45 हजार 600 रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध नशीली दवाओं की बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित धोत्रे के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस लगातार जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कस रही है और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए सख्त कदम उठा रही है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।