1मई2026
जगदलपुर कलेक्टोरेट में गुरुवार को एक भावनात्मक और गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया, जहां शासकीय सेवा की लंबी यात्रा पूर्ण करने वाले 23 सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कलेक्टर आकाश छिकारा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके वर्षों की समर्पित सेवा के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर की सबसे खास बात यह रही कि प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके सेवा के अंतिम दिन ही पेंशन भुगतान आदेश और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ सौंप दिए। इससे कर्मचारियों को सेवा समाप्ति के तुरंत बाद आर्थिक और प्रशासनिक राहत सुनिश्चित हुई। कलेक्टर ने इस सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक और उनकी टीम की विशेष सराहना की।
समारोह में कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल नौकरी का अंत नहीं, बल्कि अनुभवों के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक जनसेवा में जुटे रहे कर्मचारी समाज की अमूल्य पूंजी हैं और उनके अनुभवों का लाभ समाज को आगे भी मिलता रहना चाहिए।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजनों की उपस्थिति ने समारोह को और अधिक आत्मीय बना दिया। पूरे माहौल में सम्मान, अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव साफ दिखाई दिया। साथियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।
यह आयोजन न केवल कर्मचारियों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि प्रशासन की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्यशैली का भी उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ।