दंतेवाड़ा पुलिस की बड़ी पहल: 31 लाख की गुम संपत्ति लौटाकर 141 लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान

1मई2026

दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस ने आम नागरिकों के हित में सराहनीय कार्य करते हुए “इया आपलो सामान निया” अभियान के तहत गुम हुए मोबाइल और संपत्तियों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाकर विश्वास की नई मिसाल कायम की है। जिले में चलाए गए विशेष गुम मोबाइल तलाश अभियान के अंतर्गत पुलिस ने करीब 31 लाख रुपए मूल्य के 141 मोबाइल फोन बरामद कर नागरिकों को वापस सौंपे।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार वर्मन और साइबर सेल नोडल अधिकारी ठाकुर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में न केवल दंतेवाड़ा बल्कि उत्तर प्रदेश सहित पड़ोसी जिलों जगदलपुर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव से भी गुम मोबाइलों को खोज निकाला गया। CEIR पोर्टल की सहायता से तकनीकी जांच कर इन मोबाइलों को ट्रेस किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मोबाइल वापस पाकर नागरिकों में खुशी का माहौल देखा गया। दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479151665 जारी किया है, जहां लोग 24×7 साइबर अपराध, संदिग्ध कॉल, मैसेज, बैंक फ्रॉड या सोशल मीडिया धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही भारत सरकार के 1930 हेल्पलाइन नंबर और साइबर पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।
इसके अलावा “सायबर संगवारी दंतेवाड़ा” व्हाट्सएप चैनल के जरिए आम जनता को साइबर अपराध और उससे बचाव के प्रति लगातार जागरूक किया जाएगा। दंतेवाड़ा पुलिस की यह पहल न केवल खोई संपत्ति वापस दिलाने का कार्य है, बल्कि डिजिटल सुरक्षा और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *