बीजापुर | छत्तीसगढ़ शासन की “जन-जुड़ाव एवं विश्वास” पहल के अंतर्गत बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों द्वारा ग्रामीणों के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य विकास, सुरक्षा और आपसी विश्वास को सुदृढ़ करते हुए ग्रामीणों को शासन की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न ग्रामों में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुरक्षा बलों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं, सुझाव प्राप्त किए तथा माओवादी गतिविधियों से दूरी बनाए रखने हेतु उन्हें जागरूक किया।
जन-संवाद के दौरान ग्रामीणों को शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही परिवार या रिश्तेदारों में सक्रिय माओवादी सदस्यों को समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जीने हेतु भी प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत चलित थाना के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर उनके त्वरित निराकरण का प्रयास किया गया, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ।
आज आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम के ग्राम
▪️ भैरमगढ़ थाना क्षेत्र — ग्राम पंचायत बिरियाभूमि, ग्राम आदवाड़ा
▪️ भद्राकाली थाना क्षेत्र — ग्राम रामपेंटा
▪️ नेलसनार थाना क्षेत्र — ग्राम बंगोली
प्रशासन का उद्देश्य ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से शांति, विकास और विश्वास का वातावरण बनाते हुए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी बदलाव लाना है।
बीजापुर में ‘जन-संवाद’ से मजबूत हो रहा भरोसे का पुल सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच संवाद, विकास व शांति की नई पहल