एनसीसी कैडेटों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के नारों से दिया एकजुटता का संदेश
जगदलपुर, 31 अक्टूबर 2026। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 जगदलपुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली तथा जागरूकता रैली निकालकर लोगों को एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन 1 सीजी गर्ल्स बटालियन एनसीसी परचनपाल के तत्वावधान में कमान अधिकारी कर्नल सुशील कुमार राणा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी कैप्टन हेमपुष्पा लता ध्रुव ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह से हुई, जिसमें कैडेटों और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद वरिष्ठ व्याख्याता शिव प्रताप चौहान ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्षों और देश की 500 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान की जानकारी दी।
विद्यालय के प्राचार्य ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्तमान समय में आपसी सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकजुटता बनाए रखने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में एनसीसी कैडेटों ने जागरूकता रैली निकाली। हाथों में तख्तियां लेकर कैडेटों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘एकता की पहचान, सरदार वल्लभभाई का योगदान’ जैसे नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर 1 सीजी गर्ल्स बटालियन के सूबेदार अजय राणा, नायब सूबेदार विनोद कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।