57 लाख के टेंडर में कमीशनखोरी का खेल उजागर, विशेष निगरानी इकाई की कार्रवाई से हड़कंप
3मार्च 2026
बेतिया: बेतिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विशेष निगरानी इकाई की टीम ने शिक्षा विभाग के एक सहायक अभियंता को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी अभियंता 57 लाख रुपये के मरम्मत टेंडर के भुगतान के एवज में 10 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही नकद रकम का लेन-देन हुआ, मौके पर ही उसे दबोच लिया गया।
बिल भुगतान के नाम पर मांग रहा था घूस
निगरानी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अधिकारी बिल पास करने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। शिकायत की पुष्टि के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन चलाया गया। तय रकम मिलते ही टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद जिला शिक्षा कार्यालय में हड़कंप मच गया। टीम अब यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे मामले में अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका तो नहीं है।
पहले भी लग चुके हैं भ्रष्टाचार के दाग
सूत्रों के मुताबिक, जिला शिक्षा कार्यालय पहले भी निगरानी की रडार पर रहा है। एक वर्ष पूर्व भी यहां बड़े पैमाने पर छापेमारी हो चुकी है। बावजूद इसके कमीशनखोरी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा था।
निगरानी विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।