जगदलपुर, 1 अगस्त 2026। बस्तर के तेलीमारेंगा गांव के प्रगतिशील किसान महादेव मौर्य ने आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर खेती में नई मिसाल पेश की है। उन्होंने इस बार 16 एकड़ खेत में आधुनिक राइस ट्रांसप्लांटर (धान रोपाई मशीन) से धान की रोपाई कर न सिर्फ मजदूरों की कमी की समस्या का समाधान किया, बल्कि लागत और समय दोनों में बड़ी बचत की है।
महादेव मौर्य के पास 8 एकड़ पैतृक भूमि है, जबकि 8 एकड़ भूमि उन्होंने लीज पर लेकर कुल 16 एकड़ में खेती की है। पहले जहां हाथ से रोपाई कराने में दर्जनों मजदूर और कई दिन लग जाते थे, वहीं अब केवल 2 से 3 लोगों की मदद से मशीन के जरिए तेजी से रोपाई पूरी हो रही है।
उन्होंने बताया कि पारंपरिक तरीके से धान रोपाई का खर्च प्रति एकड़ लगभग 7 से 8 हजार रुपये आता था, जबकि मशीन से यह लागत घटकर करीब 2 से 2.5 हजार रुपये प्रति एकड़ रह गई है। इस आधुनिक मशीन की कीमत 9 लाख रुपये थी, जिसमें शासन से 4 लाख रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद उन्हें यह मशीन 5 लाख रुपये में उपलब्ध हुई।
महादेव मौर्य का कहना है कि मशीन से पौधों की समान दूरी पर रोपाई होने से फसल का विकास बेहतर होगा और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। उनके इस सफल प्रयोग को देखकर आसपास के किसान भी आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। यह पहल साबित करती है कि आधुनिक मशीनों के उपयोग से खेती अधिक किफायती, आसान और लाभकारी बन सकती है।
16 एकड़ में मशीन से धान रोपाई कर किसान महादेव मौर्य बने मिसाल, लाखों की बचत के साथ बढ़ी पैदावार की उम्मीद