नेशनल लोक अदालत की तैयारी तेज: जगदलपुर में न्यायाधीश, वकील और बीमा अधिकारियों की अहम बैठक

जगदलपुर, 22 अप्रैल 2026
जगदलपुर में आगामी नेशनल लोक अदालत को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और बीमा कंपनियों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिला न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता कक्ष में आयोजित इस बैठक में 9 मई 2026 को होने वाली नेशनल लोक अदालत की रूपरेखा और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र और आपसी सहमति से निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आपराधिक, व्यवहारिक वाद, मोटर दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, बीमा और धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े मामलों को लोक अदालत के माध्यम से तेजी से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए प्री-सीटिंग के जरिए पक्षकारों के बीच समझौते को बढ़ावा देने की रणनीति बनाई गई है।
बैठक में अधिवक्ताओं से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत में लाकर आपसी सहमति से निपटारा सुनिश्चित करें, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो सके। साथ ही पक्षकारों को भी लोक अदालत के फायदे समझाकर उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से इस बार नेशनल लोक अदालत में बड़ी संख्या में प्रकरणों का निराकरण संभव होगा, जिससे आम लोगों को त्वरित न्याय मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *