राज्योत्सव में विकास का संकल्प: 2031 तक विकसित बस्तर बनाने का लक्ष्य, नारी शक्ति और युवा प्रतिभाओं पर जोर

विधायक किरण देव बोले– अटल बिहारी वाजपेयी का छत्तीसगढ़ निर्माण में योगदान अविस्मरणीय, महापौर ने माओवाद मुक्त बस्तर को बताया विकास का नया दौर

जगदलपुर, 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर जगदलपुर के ऐतिहासिक सिटी ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन उत्साह और गरिमामय माहौल में किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित समारोह में बस्तर के विकास, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार और क्षेत्र की बदलती तस्वीर को लेकर विकास का संकल्प दोहराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने राज्य निर्माण में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य निर्माण का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

विधायक ने बताया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। जगदलपुर में 24 घंटे संचालित नालंदा परिसर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध करा रहा है। धुड़मारास को हेरिटेज विलेज के रूप में विकसित करने, होम-स्टे और पर्यटन कॉरिडोर जैसी पहल से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि नारी शक्ति और युवा ऊर्जा ही नए बस्तर के निर्माण का मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक माओवादी हिंसा का सामना करने वाला बस्तर अब शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बस्तर की बेटियां आज खेल, नवाचार, स्टार्टअप और देश की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसी पहल स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

स्वागत उद्बोधन में कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले की विकास यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 को बस्तर क्षेत्र का माओवाद मुक्त होना विकास की दिशा में ऐतिहासिक पड़ाव रहा। उन्होंने बताया कि अंदरूनी क्षेत्रों को सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कार्य किए जा रहे हैं। गीदम-भोपालपटनम फोरलेन कॉरिडोर और अंतागढ़-जगदलपुर रेल परियोजना पर भी तेजी से काम जारी है। रायपुर और हैदराबाद के लिए नियमित हवाई सेवाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है।

कलेक्टर ने बस्तर मवा अभियान, पूना नर्कोम, 10 हजार से अधिक देवगुड़ी एवं मातागुड़ी स्थलों के संरक्षण, मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देऊरगांव एवं मटनार सिंचाई परियोजनाओं से कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। प्रशासन का लक्ष्य वर्ष 2031 तक बस्तर के प्रत्येक गांव को सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं से जोड़कर पूर्ण विकसित क्षेत्र बनाना है।

समारोह में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया और आम नागरिकों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं भूमि स्वामित्व दस्तावेज सहित विभिन्न सहायता प्रदान की गई। पदयात्री सेवा केंद्र में सहयोग देने वाले समाजसेवियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों और पारंपरिक लोक कलाकारों को भी पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *