सिवान, 9 सितंबर 2026। बिहार के सिवान में आभूषण दुकान में लूट के दौरान अपराधियों ने दुकानदार पर गोली और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार की इलाज के दौरान गोरखपुर में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।
मामला दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी बाजार का है। मंगलवार दोपहर हथियारों से लैस बदमाश आभूषण दुकान में लूट के इरादे से पहुंचे। लूट का विरोध करते हुए दुकानदार ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। इसी दौरान एक अन्य अपराधी ने उन पर गोली चला दी और चाकू से भी हमला कर दिया।
गोली लगने के बाद भी बदमाशों से भिड़ते रहे दुकानदार
घायल होने के बावजूद दुकानदार ने हिम्मत नहीं छोड़ी और बदमाशों का विरोध करते रहे। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, कुछ अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
घायल दुकानदार को पहले दरौली पीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। परिजन उन्हें पहले देवरिया और फिर गोरखपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसपी ने देर रात किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिवान के एसपी भारत सोनी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा भी बरामद किया है।
एसपी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी को सभी पहलुओं की गहन जांच करने और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं।