माउंट एवरेस्ट के पास दो हेलीकॉप्टरों की भीषण टक्कर, मलबे में तब्दील हुए विमान; भारतीय पर्यटक की दर्दनाक मौत

नेपाल, 3 नवंबर 2026। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों हेलीकॉप्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि कम से कम एक अन्य यात्री घायल हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:11 बजे खुम्बु पासंग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में हुआ। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर फिश टेल एयर और डायनेस्टी एयर के बताए जा रहे हैं।

भारतीय पर्यटक की हुई पहचान

सोलुखुम्बु जिला पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान वसंत कुमार बलरामरामादु के रूप में हुई है। वह फिश टेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। वहीं, भारतीय मूल के न्यूजीलैंड निवासी शैलेश कृष्ण पटेल घायल हुए हैं। उन्हें एयरलिफ्ट कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया।

दोनों पायलट भी घायल

हादसे में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों को भी मामूली चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया है। मृतक का शव लुक्ला स्थित अस्पताल में रखा गया है।

फिलहाल नेपाली अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *