तोकापाल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर निकली भर्ती, 16 नवंबर तक करें आवेदन

जगदलपुर, 30 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। समेकित बाल विकास परियोजना तोकापाल द्वारा इन पदों पर नियुक्ति के लिए 2 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस भर्ती के तहत मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में संचालित पालना केंद्र में पालना क्रेश कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत सालेपाल के तुमपानी आंगनबाड़ी केंद्र में एक कार्यकर्ता तथा ग्राम पंचायत टाहकापाल के कोटवारपारा आंगनबाड़ी केंद्र और बुरूंगपाल ग्राम पंचायत के गुर्राम आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका के पद पर भर्ती की जाएगी।

शैक्षणिक योग्यता निर्धारित

पालना क्रेश कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए अभ्यर्थी का हायर सेकेंडरी उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। वहीं, आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है।

स्थानीय महिलाओं को मिलेगा अवसर

इन पदों के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों की मूल निवासी महिला अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगी। भर्ती में अनुभवी महिलाओं के साथ विधवा, परित्यक्त एवं तलाकशुदा महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी समेकित बाल विकास परियोजना कार्यालय तोकापाल, जनपद पंचायत कार्यालय तोकापाल तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर उपलब्ध विज्ञापन से प्राप्त की जा सकती है। ग्रामीणों तक भर्ती की जानकारी पहुंचाने के लिए आश्रित ग्रामों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *