जगदलपुर, 30 अक्टूबर 2026। लोहंडीगुड़ा के कस्तूरबा गांधी बालिका आश्रम एवं हाईस्कूल में माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। पीडीआईए फेलो द्वारा आयोजित इस सत्र में करीब 90 छात्राओं ने हिस्सा लिया और मासिक धर्म से जुड़ी जरूरी जानकारियां हासिल कीं।
कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म चक्र, व्यक्तिगत स्वच्छता, सेनेटरी पैड के सही उपयोग और इस्तेमाल के बाद उनके सुरक्षित निपटान के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही दैनिक जीवन में स्वच्छता बनाए रखने के महत्व को भी समझाया गया।
सत्र को रोचक और सहज बनाने के लिए कार्ड गेम का आयोजन किया गया, जिससे छात्राओं की झिझक दूर करने में मदद मिली। वहीं, शिक्षिकाओं ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा कर छात्राओं को खुलकर बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद छात्राओं ने भी माहवारी से जुड़े अपने सवाल और संशय सामने रखे।
कार्यक्रम में एक खास बात यह रही कि कक्षा छठवीं और सातवीं की छात्राओं ने कक्षा नौवीं और दसवीं की छात्राओं की तुलना में अधिक उत्साह से सवाल पूछे। इस जागरूकता सत्र का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी देने के साथ माहवारी से जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करना और उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना रहा।