12जून2026
लखनऊ। दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-2111 शुक्रवार सुबह उस समय चर्चा में आ गई, जब लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम की धमकी की सूचना मिलने के बाद विमान को रोक दिया गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और विमान की सघन जांच शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट के एक शौचालय में संदिग्ध संदेश मिलने के बाद सीआईएसएफ और बम निरोधक दस्ते ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर सभी यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद यात्रियों और सामान की गहन जांच की गई।
करीब एक घंटे तक चली जांच के बाद किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा एजेंसियों ने खतरे को झूठी अफवाह (Hoax Threat) करार दिया। जांच पूरी होने के बाद विमान सुबह 11:53 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ और सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच गया।
इंडिगो ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया गया। हाल के महीनों में देश के विभिन्न हवाई अड्डों पर बम की झूठी धमकियों की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से ले रही हैं।