अर्नब के बाद अब मुरासु का खतरा! छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, 3-4 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद अब चक्रवात मुरासु के असर से मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके मद्देनजर कई जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने 3 और 4 नवंबर को विशेष रूप से बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की आशंका भी जताई है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

जगदलपुर में सबसे अधिक तापमान

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रहा। बलरामपुर में सर्वाधिक 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि ओरछा में 10 मिलीमीटर वर्षा हुई।

चक्रवात मुरासु के प्रभाव को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली तथा तेज हवाओं से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *