जगदलपुर, 6 सितंबर 2026। शहर में बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल से 8 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया है। यह कार्रवाई सिटी ग्राउंड के सामने हाउसिंग बोर्ड की बहुमंजिला इमारत के निर्माण स्थल पर की गई।
बताया गया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि निर्माण स्थल पर नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर औचक जांच की। जांच के दौरान 8 नाबालिग बालिकाएं निर्माण कार्य में मजदूरी करती मिलीं।
टीम ने तत्काल सभी बालिकाओं को काम से मुक्त कराकर सुरक्षित संरक्षण में लिया। प्रारंभिक जांच में उनके बस्तर जिले की निवासी होने की जानकारी सामने आई है।
रेस्क्यू के बाद सभी बालिकाओं को नियमानुसार चाइल्ड लाइन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उनकी काउंसलिंग, संरक्षण और पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, नाबालिगों से बाल श्रम कराने के मामले में जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ बाल श्रम निषेध कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि बच्चों से मजदूरी कराने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।