जगदलपुर। 6सितंबर 2026/360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज की ओर से श्री श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक उत्सव के साथ कार्यक्रम में सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला।
आयोजन के दौरान दही-हांडी, मटकी फोड़, रंगोली, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समाज की महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आए। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालुओं ने जमकर आनंद लिया और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समाज अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन के माध्यम से समाज ने धार्मिक आस्था के साथ एकता, भाईचारे और संस्कारों का संदेश दिया।