22मई 2026
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के लोणार इलाके में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक पेट्रोल पंप पर डीजल लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में लोग हाथों में प्लास्टिक कैन और डिब्बे लेकर पेट्रोल पंप की ओर दौड़ते नजर आ रहे हैं। देखते ही देखते पेट्रोल पंप का माहौल किसी रणभूमि जैसा बन गया।
जानकारी के मुताबिक, लोणार स्थित कमलजा पेट्रोल पंप पर कुछ समय के लिए डीजल खत्म हो गया था। जैसे ही डीजल से भरा टैंकर पंप पर पहुंचा और बैरिकेड हटाए गए, लोग तेजी से डीजल भरवाने के लिए टूट पड़े। कई लोग अपने वाहनों के अलावा अतिरिक्त कैन में भी डीजल जमा करते दिखाई दिए।
बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात की खबरों के बाद लोगों में ईंधन की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी आशंका के चलते लोगों ने पहले से डीजल जमा करना शुरू कर दिया, जिससे अचानक भीड़ बढ़ गई।
हालांकि प्रशासन ने जिले में किसी भी तरह की ईंधन कमी की बात से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान न देने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं कि सिर्फ अफवाहों के कारण किस तरह लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए।