आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसाट्रक से टकराई वॉल्वो बस में लगी भीषण आग, चालक-परिचालक की मौत, 20 यात्री घायल

22मई 2026

टीउत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक वॉल्वो बस की तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में बस आग के गोले में बदल गई। हादसे में बस चालक और परिचालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 46 के पास रात करीब 2 बजे हुआ। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग फैलने लगी और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए बस से कूदकर बाहर निकलने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन के मुताबिक बस में कुल 32 यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जांच में सामने आया कि बस चालक स्टेयरिंग में फंस गया था और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे परिचालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर पुलिस अधिकारियों सहित प्रशासनिक अमला पहुंचा और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह मान रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *