जगदलपुर, 22 जुलाई 2026। बस्तर में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री की पहल पर जनवरी 2024 में शुरू हुई ‘ज्ञानगुड़ी’ नि:शुल्क कोचिंग लगातार सफलता की नई इबारत लिख रही है। इस वर्ष संस्थान के 90 विद्यार्थियों में से 50 ने NEET परीक्षा क्वालिफाई कर बस्तर का नाम रोशन किया है। इसके अलावा कई विद्यार्थियों ने नर्सिंग और अन्य मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
ज्ञानगुड़ी प्रबंधन के अनुसार, NEET काउंसलिंग के बाद 8 से 10 विद्यार्थियों के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश मिलने की पूरी संभावना है। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह भी साबित करती है कि बस्तर के युवाओं को सही मार्गदर्शन और बेहतर संसाधन मिलें तो वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
सफल विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय ज्ञानगुड़ी की कॉन्सेप्ट आधारित पढ़ाई, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित टेस्ट और अनुशासित अध्ययन वातावरण को दिया। उनका कहना है कि संस्थान ने उनकी कमजोरियों को दूर कर आत्मविश्वास बढ़ाया, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर सके।
छात्रों ने परीक्षा से पहले सामने आए पेपर लीक जैसे मामलों का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं से अभ्यर्थियों पर मानसिक दबाव पड़ता है। उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की।
इस दौरान सफल छात्राओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से भावुक अपील भी की। उन्होंने कहा कि किसी एक परीक्षा में असफल होने पर निराश न हों और न ही कोई गलत कदम उठाएं। जीवन में आगे बढ़ने के कई अवसर होते हैं और लगातार मेहनत करने वालों को सफलता अवश्य मिलती है।
ज्ञानगुड़ी प्रबंधन का कहना है कि नक्सल प्रभावित बस्तर में शिक्षा अब बदलाव का सबसे मजबूत माध्यम बन रही है। पहले जहां पूरे बस्तर संभाग से NEET के लिए बहुत कम आवेदन आते थे, वहीं आज अकेले ज्ञानगुड़ी से ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर रहे हैं। आने वाले वर्षों में मेडिकल कॉलेजों और सीटों की संख्या बढ़ने से बस्तर के विद्यार्थियों के लिए डॉक्टर बनने के अवसर और भी बढ़ेंगे।
ज्ञानगुड़ी की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन से बस्तर के युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिल रही है।