दादा की प्रेरणा से लिखी आध्यात्मिक विचारों पर आधारित किताब; ‘From Pocket Money to Portfolio’ का कवर भी लॉन्च
रायपुर, 14 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के 12 वर्षीय छात्र मास्टर दिव्यांश सुल्तानिया ने अपनी लेखनी और विचारशीलता से कम उम्र में ही खास पहचान बनाई है। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज दिव्यांश द्वारा लिखित पुस्तक ‘Thoughts About God’ का विमोचन किया। राज्यपाल ने दिव्यांश के रचनात्मक प्रयास की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
दिव्यांश ने अपने दादा की प्रेरणा से इस पुस्तक की रचना की है। ‘Thoughts About God’ में एक युवा छात्र के दृष्टिकोण से ईश्वर और आध्यात्मिकता से जुड़े सवालों, विचारों और उसकी अपनी समझ को सहज एवं सरल तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इतनी कम उम्र में गंभीर और विचारपरक विषय पर पुस्तक लिखने के प्रयास को राज्यपाल ने सराहनीय बताया।
बचत से निवेश तक की सीख देगी दूसरी किताब
इस अवसर पर राज्यपाल ने दिव्यांश की दूसरी पुस्तक ‘From Pocket Money to Portfolio’ के कवर का भी लॉन्च किया। यह पुस्तक बच्चों और युवाओं में कम उम्र से ही बचत, निवेश और वित्तीय जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से लिखी जा रही है।
पुस्तक में गुल्लक के माध्यम से बचत की आदत विकसित करने और बचाई गई राशि के उचित निवेश के विचार को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया जाएगा। खास बात यह है कि वित्तीय जागरूकता जैसे विषय को बच्चों की समझ के अनुरूप प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
राज्यपाल ने बढ़ाया दिव्यांश का हौसला
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि बच्चों में पढ़ने, लिखने और नए विषयों पर विचार करने की आदत उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने दिव्यांश को अपनी जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की ललक को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर दिव्यांश के पिता श्री सुधीर सुल्तानिया, माता श्रीमती सरिता सुल्तानिया सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कम उम्र, बड़े विचार और किताबों के जरिए नई सोच—दिव्यांश की यह पहल निश्चित तौर पर दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।