आईटीआई बस्तर में स्टार्ट-अप एवं जागरूकता शिविर, युवाओं को मिला स्वरोजगार का मार्गदर्शन

जगदलपुर, 02 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, जगदलपुर के तत्वावधान में शासकीय आईटीआई बस्तर में एक दिवसीय स्टार्ट-अप एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य तकनीकी प्रशिक्षण ले रहे छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार, नवाचार और उद्यमिता के अवसरों के साथ शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक उद्योग प्रफुल्ल कुमार लाखन ने युवाओं को स्टार्ट-अप नीति, नवाचारी विचारों को व्यवसाय में बदलने, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग शुरू करने तथा नए व्यावसायिक मॉडल के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने युवाओं से अपने हुनर और रचनात्मक विचारों को रोजगार के अवसरों में बदलने का आह्वान किया।

वरिष्ठ प्रबंधक उद्योग लोकेश कुमार खापर्डे ने विभागीय योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता, सब्सिडी, रियायत और अन्य शासकीय प्रोत्साहनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवा इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने स्टार्ट-अप, वित्तीय सहायता, बाजार की मांग और उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे। विभागीय अधिकारियों ने उनके सवालों का व्यावहारिक समाधान बताया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में उद्यमिता और स्वरोजगार को लेकर उत्साह नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *