गांधी जयंती पर बापू को नमन, कलेक्टर आकाश छिकारा ने किया माल्यार्पण

जगदलपुर, 02 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर स्थित गांधी उद्यान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर आकाश छिकारा सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा से नमन किया।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सीपी बघेल, डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्ना और कृष्ण कुमार जायसवाल सहित कलेक्टोरेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेणे कहिए’ का पाठ किया गया। भजन के साथ कार्यक्रम स्थल पर शांति, सादगी और राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना रहा।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी का योगदान अतुलनीय रहा है। सत्य, अहिंसा और उनके जीवन मूल्यों की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से गांधीजी की आत्मकथा ‘सत्य के प्रयोग’ पढ़ने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि गांधीजी के जीवन से जुड़े प्रसंग हमें जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उनके विचारों को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *