तिरंगे के रंग में रंगा लोरमी: उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में 14 गांवों में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

रायपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लोरमी क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में लोरमी क्षेत्र के 14 गांवों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मोटरसाइकिलों पर सवार होकर निकले लोगों ने गांव-गांव तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से गांवों की गलियां और चौक-चौराहे गूंज उठे।

उपमुख्यमंत्री साव ने लोरमी के पुराना बस स्टैंड, तहसील चौक झंझपुरी से तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। यात्रा डोंगरिया, उरईकछार, अखरार, सारिसताल, धनियाडोली, अमलडीही, गोड़खाम्ही और बोड़तराकला होते हुए हरदी, खेकतरा और खैरवार से दाऊकापा पहुंची। जगह-जगह ग्रामीणों ने उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया।

शहीदों को नमन, विकसित भारत का संकल्प

दाऊकापा में यात्रा के समापन अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। साथ ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी का संकल्प लिया गया।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा वीर शहीदों को नमन करने और उनके बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों के सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी हम सभी की है और आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। “एक नागरिक एक कदम आगे बढ़ाएगा, तो देश 140 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा।”

लोरमी नगर में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह

लोरमी नगर में भी उपमुख्यमंत्री साव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। मानस मंच से शुरू हुई यात्रा मुंगेली चौक, हटरी चौक, नया बस स्टैंड, गुरुद्वारा चौक और पुराना बस स्टैंड से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा में लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य रत्ना काटले, अनिता साहू, धनीराम यादव, ज्योतिनंदन दुबे सहित पार्षदगण, एल्डरमैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *