जगदलपुर, 18 नवंबर 2026। बस्तर के चार एनएसएस कैडेट अब हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में साहस, नेतृत्व और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के चार प्रतिभाशाली कैडेटों भुवनेश्वर कश्यप, गोविंद नाग, धर्मी ठाकुर और अवंतिका शार्दुल का चयन हिमाचल प्रदेश के हाटकोटी में आयोजित राष्ट्रीय साहसिक शिविर के लिए हुआ है।
चयनित चारों कैडेट रायपुर से हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं। 21 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस शिविर में वे शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शिविर में युवाओं को विभिन्न साहसिक गतिविधियों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना, निर्णय लेने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बस्तर जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र से चार कैडेटों का राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर के लिए चयन होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। शिविर के दौरान कैडेट बस्तर की संस्कृति, परंपरा और पहचान को भी देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिभागियों के बीच प्रस्तुत करेंगे।
इस उपलब्धि में एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सजीवन कुमार, जिला संगठक मौसमी विश्वास, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भुनेश्वर लाल साहू और दुर्गेश कुमार देवांगन का मार्गदर्शन और सहयोग महत्वपूर्ण रहा।
महाविद्यालय परिवार ने चयनित कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे शिविर में अनुशासन और उत्साह के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और बस्तर का नाम रोशन करेंगे।