मोबाइल, कंप्यूटर और बैटरी से निकलने वाले ई-कचरे के खतरों से रूबरू हुए विद्यार्थी, क्विज प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

जगदलपुर, 30 अक्टूबर 2026। सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02, जगदलपुर में शुक्रवार को इको क्लब के तत्वावधान में ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि मोबाइल, कंप्यूटर, लैपटॉप, बैटरी, चार्जर, टेलीविजन सहित खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ई-वेस्ट की श्रेणी में आते हैं। इनका अनुचित निपटान पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

विद्यार्थियों को ई-कचरे के दुष्प्रभाव, पुनर्चक्रण, पुनः उपयोग और सुरक्षित निपटान के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही घरों एवं आसपास जमा होने वाले इलेक्ट्रॉनिक कचरे का उचित प्रबंधन करने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के ज्ञान का आकलन करने के लिए क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ई-वेस्ट से जुड़े सवालों के जवाब दिए।

कार्यक्रम में संस्था प्रमुख रजी वर्गिस, इको क्लब प्रभारी जी. सुभद्रा राव, व्याख्याता गणेश भगत, कल्याणी मिश्रा एवं दीपिका भास्कर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *