वंदे मातरम् के नारों से गूंजा ग्रामीण अंचल, 8 विकासखंडों के 32 क्लस्टरों में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी
रायपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जशपुर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की धूम देखने को मिल रही है। जिले के ग्रामीण अंचलों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की अलख जगाने की जिम्मेदारी बिहान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने संभाली है। महिलाओं ने अपने-अपने क्लस्टर और ग्राम पंचायतों में उत्साह के साथ तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
8 विकासखंडों के 32 क्लस्टरों में गूंजा वंदे मातरम्
अभियान के पहले चरण में जशपुर जिले के सभी 8 विकासखंडों के 32 क्लस्टरों की महिलाओं ने एकजुट होकर सहभागिता की। तिरंगा फहराने के साथ महिलाओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी नारे लगाए, जिससे ग्रामीण अंचल देशभक्ति के रंग में रंग गया।
जशपुर विकासखंड के घोलेंग क्लस्टर, कुनकुरी के नारायणपुर एवं बंदरचुआ क्लस्टर तथा मनोरा के आस्था एवं सोनकियारी क्लस्टर सहित पत्थलगांव, दुलदुला, बगीचा और फरसाबहार विकासखंडों के सभी क्लस्टरों की महिलाओं ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
9 से 17 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान
जशपुर जिले में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान बिहान समूहों से जुड़ी महिलाएं घर-घर तिरंगा फहराने के साथ देशभक्ति गीतों और राष्ट्रगीत के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशप्रेम की भावना को मजबूत कर रही हैं।
नारी शक्ति ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
ग्रामीण महिलाओं की यह सक्रिय भागीदारी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नारी शक्ति की सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को भी रेखांकित कर रही है। महिलाओं की सामूहिक भागीदारी से गांवों में ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ का संदेश प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।