राजस्थान ले जाने की तैयारी में थे आरोपी, 16.40 लाख रुपये का गांजा जब्त
जगदलपुर, 07 नवम्बर 2026। बस्तर जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बोधघाट पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नया बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे बस का इंतजार कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास रखे दो ट्रॉली बैग से 32.813 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 16 लाख 40 हजार 650 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान पालेन्द्र चौधरी (20 वर्ष) निवासी ग्राम नेबोई, थाना खोह, जिला डिंग, राजस्थान और धर्मेंद्र कुमार (18 वर्ष) निवासी ग्राम हाथलपुर, थाना खोह, जिला डिंग, राजस्थान के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर दोनों के संयुक्त कब्जे वाले लाल और आसमानी रंग के ट्रॉली बैग से 7 पैकेटों में कुल 32.813 किलो गांजा मिला। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 2,100 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 7 नवंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांजा राजस्थान की ओर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों और गांजे के स्रोत की भी जांच कर रही है।