जगदलपुर | 02 फरवरी 2026
जिला पुलिस मुख्यालय जगदलपुर में आज पुलिस सेवा के दो अनुभवी और समर्पित प्रधान आरक्षकों—शामनाथ मौर्य एवं महेश दास—को गरिमामयी वातावरण में भावपूर्ण विदाई दी गई। यह विदाई समारोह पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
सेवा का संक्षिप्त लेकिन गौरवशाली सफर
प्रधान आरक्षक शामनाथ मौर्य ने पुलिस विभाग में 37 वर्ष 10 माह 30 दिन तक निष्ठापूर्वक सेवा दी। उन्होंने 01 फरवरी 1989 को आरक्षक के रूप में सेवा की शुरुआत की थी। अपने कर्तव्यपरायण कार्यकाल में उन्हें 9 नकद पुरस्कार एवं 35 प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
वहीं प्रधान आरक्षक महेश दास ने 35 वर्ष 02 माह 01 दिन की उल्लेखनीय सेवा दी। उन्होंने 30 नवंबर 1990 को विभाग में प्रवेश किया। अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें 43 नकद पुरस्कार एवं 66 प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया।
दोनों कर्मियों को 27 अप्रैल 2016 को प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति मिली। नक्सल प्रभावित एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में तैनाती के दौरान उन्होंने साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए पुलिस विभाग की छवि को सशक्त बनाया।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष जैन, रक्षित निरीक्षक अभिजीत भदौरिया सहित समस्त जिला पुलिस परिवार उपस्थित रहा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।
जगदलपुर पुलिस के दो जांबाज़ प्रधान आरक्षकों को भावपूर्ण बिदाई