नशे के सौदागरों पर बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाईशहर में युवाओं को गांजा सप्लाई करने वाली महिला गिरफ्तार, 6 किलो से अधिक गांजा जब्त

जगदलपुर | 02 फरवरी 2026
बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बोधघाट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही एक आदतन महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 06.09 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 04 हजार 750 रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार महिला आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुकी है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
दिनांक 01 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नयामुण्डा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला अपने घर में गांजा रखकर उसकी अवैध बिक्री की तैयारी कर रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से एक काले रंग के बैग में खाकी रंग के सेलोटेप से लिपटे पांच पैकेट गांजा बरामद किए गए। आरोपी द्वारा गांजा रखने अथवा बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी का कृत्य धारा 20 (बी)(ii)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर गांजा को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार महिला को 02 फरवरी 2026 को माननीय विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और नशे के सौदागरों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *